मदनपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी बाजार के रुद्रा कंप्यूटर केंद्र पर छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रेलवे की अपराध शाखा, साइबर सेल गोरखपुर तथा आरपीएफ देवरिया की संयुक्त टीम ने पकड़ी बाजार स्थित एक दुकान पर बुधवार को छापा मारा। टीम ने एक व्यक्ति को अवैध 11 रेल टिकट के साथ गिरफ्तार किया। इसकी कीमत 20726.63 रुपये बताई जा रही है।
पर्सनल यूजर आईडी से रेल ई-टिकट बनाकर यात्रियों से किराए से अधिक 700 से 800 रुपये वसूलने की शिकायत मिल रही थी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर आस मोहम्मद ने बताया कि टिकट दलाल को पकड़ने के लिए अपराध शाखा, साइबर सेल गोरखपुर व देवरिया सदर आरपीएफ की संयुक्त टीम मदनपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी बाजार पहुंची। टीम ने शहीद चौक स्थित रुद्रा कंप्यूटर पर छापा मारा और रेल के आरक्षित ई-टिकट के धंधे में लिप्त दुकान मालिक सह संचालक गंगेश्वर दूबे उर्फ झुनझुन दूबे पुत्र स्व. रत्नेश्वर दूबे निवासी ग्राम बारीडीहा थाना मदनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
यहां पर्सनल यूजर आईडी से रेल ई-टिकट बनाया जा रहा था और यात्रियों से किराए के अलावा 700 से 800 रुपये प्रति व्यक्ति अधिक लेकर बेचा जाता था। इस दौरान एक एजेंट आईडी, दो पर्सनल यूजर आईडी मिला। इसके अलावा 9778.68 रुपये का चार तत्काल एवं सामान्य रेलवे ई-टिकट बरामद हुआ। इसके अलावा सात यात्रा समाप्त होने का तत्काल व सामान्य ई-टिकट बरामद हुआ। इसकी कीमत 10947.95 रुपये थी। साथ ही एक लैपटॉप व 900 रुपये नकद बरामद हुआ।