देवरिया। शुष्क पछुआ हवा के चलते दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे देवरिया शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। पूरे दिन शरीर को झुलसाती गर्मी से लोग परेशान रहे। अगले 24 घंटे तक फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग के मोहम्मद दानिश ने बताया कि महाराष्ट्र की तरफ बन रहे कम वायुदाब और शुष्क पछुआ हवा के चलते तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है।
पूर्वी यूपी के दक्षिणी भाग में अधिक गर्मी है। देवरिया और आसपास के जिलों में लगातार दूसरे दिन भी लू चलने से पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 10 किमी की रफ्तार से शुष्क पछुआ हवा चली। हवा में नमी खत्म होने की वजह से धूप का असर अधिक तेज हुआ।