खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विवाहिता की रविवार की सुबह पति और देवर ने पिटाई कर दी। विवाहिता का आरोप है कि पति घरवालों के कहने पर प्रताड़ित करते हैं। विवाहिता का नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया गया। पीड़िता ने मायके वालों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक युवती की शादी वर्ष 2011 में खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक से हुई। विवाहिता के दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि पति और ससुराल वाले एक रुपये खर्च नहीं देते हैं। इतना ही नहीं चैन से रहने भी नहीं देते हैं। बाहर से देवर आया है। घरवालों के चढ़ाने पर पति और देवर रविवार सुबह मुझे मारने-पीटने लगे। पति बिना वजह मुझे मारता-पीटता रहता है। जब भी आसपास के लोग बीच-बचाव करने का प्रयास करते हैं तो उन्हें भी गाली-गलौज करता है। उधर, विवाहिता को मारने-पीटने की सूचना पर उसके मायके वालों ने नजदीक के एक अस्पताल में इलाज कराया और फिर थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ दीपक शुक्ला का कहना है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को सोमवार को थाने बुलाया है। पारिवारिक विवाद है। जांच कर कार्रवाई होगी। संवाद