देवरिया। छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को जिले के सभी बोर्ड के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। डीएम के निर्देश पर बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य और डीआईओएस हरिश्चंद्र नाथ ने अलग-अलग आदेश जारी कर विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। बीएसए के आदेश के अनुसार, महापर्व छठ के अवसर पर जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों में 16 नवंबर को अवकाश रहेगा। इसमें परिषदीय, मान्यता प्राप्त और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। बीएसए ने संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। डीआईओएस की ओर से जारी आदेश में छठ पूजा के उपलक्ष्य में 16 नवंबर को माध्यमिक विद्यालयों में भी अवकाश घोषित किया गया है। इसमें राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के साथ संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, संस्कृत महाविद्यालय और जिले के अन्य बोर्डों के विद्यालय भी शामिल हैं। संवाद