- पानी वाली रंगों के साथ पटाखे की तरह चलने वाले गुलाल से भी रोमांचित होंगे लोग
- विभिन्न प्रकार के मुखौटे व हैप्पी होली लिखा केसरिया रंग की टोपी की बिक्री में आई तेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। होली पर्व में आए नए तरह की पिचकारी, फायर सिलिंडर, पटाखे की तरह चलने वाला गुलाल इस बार लोगों को अधिक रोमांंचित करेगा। रंग और पिचकारी बनाने वाली कंपनियों ने इस बार बाजार में कुछ नया प्रयोग किया है। इसमें जलाने के लिए पटाखे भी बनाए हैं, जिससे गुलाल निकलेगा। इसके अलावा पानी में घुलने वाले रंगों के साथ कलरफुल फाॅग स्प्रे, सुगंध लिए गुलाल भी मस्ती के पर्व के उत्साह को दोगुना कर देगा। वहीं कपड़ों के व्यापारियों ने भी नए वेरायटी के रेडीमेड कपड़ों के अलावा आकर्षक कुर्ता पजामा भी मंगाया है।
पर्व को लेकर शहर का बाजार सज गया है। बाजार में तरह-तरह की पिचकारियाें के अलावा फायर सिलिंडर भी आया है। इससे गुलाल की बौछार होगी। केसरिया रंग की टोपी और पगड़ी भी आई है। टैंक वाली पिचकारी के ऊपर भी योगी व मोदी का चित्र लोगों को आकर्षित कर रहा है। अर्जुन रोड के दुकानदार आलोक गौड़ ने बताया कि पहले लाल रंग का गुलाल ज्यादा बिकता था। अब केसरिया रंग की बिक्री अधिक है। इसके अलावा केसरिया रंग की टोपी, विभिन्न जानवरों के मुखौटे, पार्टी वीयर मुखौटा, हर्बल गुलाल भी मंगाए गए हैं। इसी मार्ग खिलौना घर के संदीप ने बताया कि होली के सामानों पर महंगाई का भी असर दिख रहा है।
रंग-गुलाल व पिचकारी की मांग अधिक हैं। हालांकि अभी ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहक कम आए हैं। परंपरागत पिचकारियों के अलावा लाइटर व तलवार माडल, हथौड़ा आकार की पिचकारी लोगों को खूब लुभा रही है।
स्पीकअप
-
चार रंगों वाले गुलाल से भरा फायर सिलेंडर व पटाखे की तरह चलने वाला गुलाल इस बार नया आया है। थोक मार्केट में अभी बिक्री कम है। जैसे ही पर्व और नजदीक आएगा, बिक्री बढ़ेगी और होली के बाजार को उछाल मिलेगा।
-समीर शेख, व्यवसायी, अर्जुन रोड
होली पर्व पर कुर्ता पजामा पहनना लोग ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसे में इनकी नई वेराइटी मंगाई गई है। यह 300 से प्रारंभ होकर 1500 रुपये तक में है। पर्व को देखते दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कानपुर की मार्केट से सामान मंगाया गया हैॅ। उम्मीद है कि इस बार अच्छा व्यवसाय होगा।
-विशाल अग्रवाल, रेडीमेड कपड़ों के व्यापारी कोतवाली रोड
होली पर परिवहन निगम अतिरिक्त बसें चलाने की कर रहा तैयारी
देवरिया। होली पर्व मनाने बाहर से आने वाले यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन निगम अतिरिक्त बसों का संचालन करने की योजना बना रहा है। 22 मार्च से इनका संचालन होगा। एआरएम मो.इरफान ने बताया कि दिल्ली, कानपुर व लखनऊ रुट पर 50 अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। बाहर से आने वाले यात्रियों को गोरखपुर एवं देवरिया तक आते हैं। संवाद