देवरिया। आपसी विवाद में दरवाजे पर चढ़कर युवक को गोली मारने के बाद से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को कोतवाली पुलिस ने बीस दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल एक और बदमाश की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। तीन आरोपियों को पुलिस पहले जेल भेज चुकी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चितामन चक गांव निवासी रोहित यादव को 30 दिसंबर को दरवाजे पर चढ़कर गुटबाजी में सकरापार गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर विकास यादव, न्यू कालोनी निवासी योगेश पांडेय, रामनाथ देवरिया निवासी रोहित मणि त्रिपाठी, गोबराई निवासी पवन यादव, पोखरभिंडा निवासी शिवम मिश्रा ने गोली मारी थी। गर्दन में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस रोहित मणि त्रिपाठी, पवन यादव, शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर विकास यादव को चकियवा ढाला के पास से पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। इसी मामले में फरार चल रहे योगेश पांडेय की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार विकास यादव पर सदर कोतवाली में गंभीर धाराओं में दस मुकदमे दर्ज हैं। कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार योगेश की तलाश की जा रही है।
गैंगेस्टर के वांछित पेशेवर गो तस्कर को पुलिस ने दबोचा
गैंगस्टर के वांछित पेशेवर गो तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बघौचघाट पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। एसपी डॉ. संकल्प शर्मा के निर्देश व सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया। इसके तहत बुधवार की रात पुलिस टीम देवरिया धूस मछली हट्टा के पास से तरकुलवा थानाक्षेत्र के कंचनपुर गांव के रहने वाले गैंगस्टर एक्ट में वांछित पेशेवर गो तस्कर अनवर अंसारी पुत्र अब्दुल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि गैंगेस्टर के वांछित अनवर अंसारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया है।
-फोटो 54 : समाजसेवी दिनेश कौशिक को ध्वजा यात्रा का निमंत्रण देते समिति सदस्य।