सीएचसी का मामला, शिकायत पर सीएमओ ने दिया नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स के आवास पर एक स्वास्थ्य कर्मी ने करीब पांच महीने से कब्जा कर रखा है। जिसके चलते स्टाफ नर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल से दूर नगर में क्वाटर लेकर रहने पर रात्रि ड्यूटी में आने-जाने में नर्स को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शिकायत पर सीएमओ ने संबंधित स्वास्थ्य कर्मी को नोटिस दिया है। भटनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्टाफ नर्स सावित्री चौधरी को जनवरी 2023 में आवास आवंटन हुआ। नर्स कमरे पर पहुंची तो एक स्वास्थ्य कर्मी का ताला लगा। पता करने पर ज्ञात हुआ कि आरोपी जबरन दो आवास पर कब्जा जमाए हुए है। पीड़ित नर्स ने कमरा खाली करने को कहा तो उसने मना कर दिया। तब से पीड़ित स्टाफ नर्स ने कई बार प्रभारी चिकित्साधिकारी से लेकर आला अधिकारियों से इसकी धिकायत की, लेकिन उसे आवास नहीं मिला। वही महिला कर्मी के खाते से हर महीने आवास का किराया काट लिया जाता है। स्टाफ नर्स आवास नहीं मिलने पर अस्पताल से दूर किराए के मकान में रहती है। जहां से ड्यूटी आने और जाने पर काफी परेशानी होती है। इधर, शिकायत पर सीएमओ ने आरोपी स्वास्थ्य कर्मी को आवास खाली करने को नोटिस दिया है। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि आरोपी स्वास्थ्य कर्मी को नोटिस दिया गया है। चुनाव के चलते कार्रवाई नहीं हो पाया है। जल्द आवास खाली नही करने पर संबंधित कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।