फोटो समाचार.....
बस्ती में दीवान के पद पर कार्यरत थे मार्कंडेय मिश्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। शादी समारोह में पत्नी के साथ रिश्तेदारी में आए बस्ती में तैनात दीवान को घर वापस जाते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के मंहुई संग्राम गांव निवासी मार्कंडेय मिश्र (55) पुत्र राजकुमार मिश्रा बस्ती जिला में उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के सिसवा दीक्षित गांव निवासी रिश्ते के मौसा शिव कुमार तिवारी के यहां बेटी की शादी में शामिल होने आए थे।
वह सुबह अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी बीच गांव से कुछ दूरी पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह बाइक सहित सड़क के किनारे गेहूं के खेत में गिर गए। सुबह लोगों ने देखा कि उनका शव खेत के किनारे बाइक के नीचे पड़ा हुआ है।
लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त मार्कंडेय की पत्नी पुष्पा जो सिसवा में ही थीं, उनसे कराई। इसके बाद विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी।
इस मामले में मार्कंडेय के चचेरे भाई दिग्विजय मिश्र पुत्र शिव कुमार मिश्र ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोतवाल उमेश कुमार वाजपेयी ने बताया कि एक हेड कांस्टेबल की बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी थी। इससे उनकी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।