सिपाही ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए महिला शिक्षक से नजदीकी बनाकर दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। फिर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ऑनलाइन और बार कोड भेजकर रकम मंगाने लगा। सिपाही की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर शिक्षिका ने केस दर्ज कराया है। सोमवार को कोतवाली पहुंची शिक्षिका का बयान दर्ज कर पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया।
महुआडीह थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला क्षेत्र के परिषदीय स्कूल में पढ़ाती हैं। पति से तलाक के बाद वह शहर के एक मोहल्ले में किराए की मकान में रहती हैं। वर्ष 2021 में शिक्षिका ने शादी के लिए अपना बॉयोडाटा मैट्रिमोनियल वेबसाइट अपलोड किया। शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि वाराणसी के यातायात कार्यालय में मुंशी के पद पर कार्यरत अरविंद कुमार जायसवाल ने वेबसाइट से उसका मोबाइल नंबर लिया और शादी के लिए बात करने लगा।
शिक्षिका ने बताया कि सोनभद्र जिले के राबर्टसगंज थाना क्षेत्र के खलियारी गांव का रहने वाला अरविंद 11 नवंबर 2021 को देवरिया आया और फोन करके होटल में मिलने के लिए बुलाने लगा। परिजनों के न होने की बात जानने के बाद वह घर पहुंच गया। घर पर बातचीत के दौरान चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। होश में आने पर मैने इसका विरोध किया तो सिपाही ने कहा कि शादी तो करनी ही है।
शिक्षिका का आरोप है कि कुछ दिन बाद सिपाही अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रूपये मांगने लगा। उसने ऑनलाइन करीब दस हजार और अलग-अलग दुकानों का बार कोड भेजकर 20 हजार रुपये मंगाया। एक माह पूर्व शिक्षिका ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो सिपाही मुकर गया। अब सिपाही अपनी शादी कहीं और तय कर चुका है और पांच लाख रुपये के लिए बार-बार फोन कर रहा है। नहीं देने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
शिक्षिका का आरोप है कि इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की। लेकिन पुलिस कार्रवाई के बजाए टरकाती रही। एसपी के आदेश पर रविवार की रात पुलिस ने सिपाही अरविंद जायसवाल के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने का केस दर्ज किया है। कोतवाल वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि महिला का बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।