रुद्रपुर। गुजरात के बड़ोदरा में 15 लाख की फिरौती के लिए बालक का अपहरण कर हत्या करने के आरोपियों का रिकॉर्ड खंगालने के लिए सोमवार को गुजरात पुलिस मदनपुर थाने पहुंची। आरोप है कि क्षेत्र के दो युवकों ने बिहार के कुछ साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया और शव ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंक दिया।
बड़ोदरा के जीआरडीसी पुलिस के एसआई जेएस राजपूत ने बताया कि दोनों युवकों पर आठ सितंबर को 12 वर्षीय बालक का अपहरण कर 15 लाख रुपये फिरौती मांगने और मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर शव फेंक देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार गुजरात से आई टीम ने मनिहरपुर के सोनू और मोनू का आपराधिक इतिहास पता किया। हालांकि, स्थानीय थाने में दोनों का आपराधिक इतिहास नहीं है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी बिहार के कुछ अन्य सहयोगियों के साथ आठ सितंबर को सुधीर कुमार महतो के 12 वर्षीय पुत्र का अपहरण कर 15 लाख की फिरौती मांगे थे। फिरौती नहीं मिलने पर बालक की हत्या कर शव ठिकाने लगा दिया। गुजरात पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गांव के लोगों के अनुसार दोनों गुजरात में कमाने के लिए गए थे। यहां पर वह काफी दिनों से आते नहीं हैं। घटना के बाद गांव के लोग सहम गए हैं, क्योंकि गांव के दो युवकों पर जघन्य घटना का आरोप लगा है। थानाध्यक्ष मदनपुर महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि गुजरात पुलिस दोनाें आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इनके खिलाफ स्थानीय थाने में कोई केस दर्ज नहीं है।