देवरिया। भटनी जीआरपी ने भाटपाररानी रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को एक युवक को 48 शीशी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। उसने ट्रेन के रास्ते शराब ले जाने की बात स्वीकार की है।
भटनी जीआरपी एसओ महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी को मुखबिर से जानकारी मिली कि एक युवक शराब लेकर ट्रेन से बिहार जाने की फिराक में है। एसओ ने ड्यूटी में तैनात सिपाहियों से संपर्क साध युवक को पकड़ने की बात कही। कुछ देर बाद झोला लेकर भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर एक युवक पहुंचा। सिपाहियों ने बुलाया तो वह भागने लगा। पकड़े जाने पर उसके झोले से 8 पीएम शराब की 48 शीशी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान रंजन कुमार निवासी बदौरिया वार्ड नंबर 9 मालती थाना उजियारपुर, समस्तीपुर के रूप में की गई। एसओ जीआरपी ने बताया कि आरोपी युवक के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेजा गया है।