परछावन होने के बाद चालक ने दूल्हे के पिता से मांगे थे डीजल भरवाने के लिए रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के महुई संग्राम गांव में दूल्हे का परछावन होने के बाद बरात में बुकिंग गाड़ियों में डीजल डालने के लिए रुपये मांगने पर दूल्हे के पिता ने एक चालक की पिटाई कर दी। चालक को पिटते देखकर अन्य चालक वाहन लेकर भाग निकले। पीड़ित चालक ने थाने में तहरीर दी है। मारपीट में दूल्हा भी शामिल रहा है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के दोहनी गांव निवासी आबिद अली का चारपहिया वाहन बुधवार को महुई संग्राम गांव में महुई श्रीकांत गांव में बरात ले जाने के लिए बुक हुआ था। तय समय के मुताबिक आबिद गाड़ी लेकर दूल्हे के दरवाजे पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बरात निकलने के लिए पहले दूल्हे का परछावन गांव के बाहर हो रहा था। सभी गाड़ियां वहीं जाकर खड़ी हो गईं।
इसके बाद आबिद दूल्हे के पिता से डीजल के लिए रुपये मांगने गया। आरोप है कि मालिक चालकों को गालियां देने लगे और बोले बरात लौटने के बाद रुपये दूंगा। जिसको चलना है चले। चालकों ने गाली देने के विरोध किया। इस पर दूल्हा और दूल्हे के पिता समेत अन्य परिजनों ने आबिद की पिटाई कर दी। यह दृश्य देख अन्य चार पांच चालक अपनी-अपनी गाड़ियां लेकर भाग निकले।
पीड़ित ने मौके से 112 पुलिस को फोन लगाया। मगर पुलिस नहीं पहुंची। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिली है तो जांच कर कार्रवाई होगी।