माप तौल में सही मिला अनाज
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। पेट्रोल पंप से पकड़ा गया पीडीएस का अनाज जांच के बाद सोमवार को छोड़ दिया गया। चारों ट्रकों पर लदा अनाज सही पाए जाने पर एसडीएम ने अनाज लदे ट्रकों को कोटेदार की दुकान पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
शनिवार की रात पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रकों को पुलिस ने किसी शिकायत पर छापा मार कर पकड़ लिया। आरोप था कि पंप पर पीडीएस के अनाज की बोरियों से अनाज निकाला जा रहा था। चार लोडेड और एक खाली ट्रक तहसील परिसर में खड़ा करा दिया गया। एसडीएम रत्नेश तिवारी ने तहसील और आपूर्ति विभाग के छह अधिकारियों की टीम बनाकर जांच कराई। जांच में लोडेड ट्रकों का माप सही मिलने और खाली ट्रक कोटेदारों की दुकान पर खाली करने का प्रमाण मिलने के बाद ट्रकों को छोड़ दिया गया। एसडीएम रत्नेश तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई गई। माप तौल सही पाया गया है। जिन कोटेदारों के यहा अनाज पहुंचा है, उनके स्टॉक का मिलान कर लिया गया है। ठेकेदार को पंप पर गाड़ी नहीं खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं।