बरहज। नगर स्थित लवरछी बाईपास पर बृहस्पतिवार को रामजानकी मार्ग भूमि बचाओ संघर्ष समिति और सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। वहीं जागरूकता ट्रैक्टर रैली की रणनीति तय करते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सपा नेता विजय रावत ने कहा कि सरकार किसानों की जमीन को सड़क चौड़ीकरण के नाम पर हड़पना चाहती है। इसे लेकर किसानों को जागरूक करने के लिए ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्किल रेट से उचित मुआवजा किसानों को नहीं मिल रहा है, जो किसानों के साथ अन्याय है। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। इस दौरान सुरेंद्र यादव, श्रीराम यादव, अवधेश मिश्र, सुरेश शर्मा, कृष्णचंद यादव, संजय कुमार, राजन दूबे, जयप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।