...फोटो समाचार
सेमीफाइनल मुकाबले में गोरखपुर ने वाराणसी और देवरिया ने मेरठ को किया पराजित
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। राज्य स्तरीय आमंत्रण महिला हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मेजबान देवरिया और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के बीच तय हो गया। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने विपक्षी टीमों को हराकर खिताबी दौर में प्रवेश किया।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल निदेशायलय एवं प्रदेश हॉकी संघ की देखरेख में चल रही राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहला सेमीफाइनल स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर एवं वाराणसी के बीच खेला गया। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर की टीम 5-0 से विजयी रही। गोरखपुर की ओर से सारिका कुमारी ने दूसरे ही मिनट में गोल दाग शानदार शुरुआत की। राबिया खान ने 11वें एवं 14वें मिनट में व कोमल पाल ने 20वें एवं 49वें मिनट में दो-दो गोल कर टीम को फाइनल में प्रवेश दिला दिया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच देवरिया और मेरठ के बीच खेला गया। इसमें देवरिया की टीम 2-1 के अंतर से जीती। देवरिया की तरफ से संजना यादव ने 43वें मिनट में एवं खुशी ने 53 मिनट में गोल किया। मेरठ की तरफ से एकमात्र गोल कुशन ने 20 मिनट में दागा। इसके पूर्व मुख्य अतिथि जीआई के प्रधानाचार्य पीके शर्मा व दूसरे सेमीफाइनल में एआरएम मो. इरफान ने खिलाड़ियों से परिचय कर खेल का आरंभ कराया।