रैली में शामिल होने स्वर्ण कारोबारी दिल्ली जाएंगे।
देवरिया में उत्पाद शुल्क के विरोध में स्वर्ण व्यवसायियों का विरोध प्रदर्शन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। व्यवसायियों ने काला कानून को किसी भी हाल में कुबूल नहीं करने की बात कही। इसके साथ ही 17 मार्च को दिल्ली में आयोजित विरोध रैली में अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
जनपद सराफा मंडल और नगर स्वर्णकार संघ की ओर से शहर के मालवीय रोड ओवरब्रिज के समीप स्थित धरना स्थल पर सदर विधायक जनमेजय सिंह ने पहुंच कर समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी से व्यापारियों की भावनाओं के साथ अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही अपने स्तर से व्यापारियों की मांगों को उचित मंच पर उठाने का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष शंखपाल सराफ ने कहा कि 17 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान पर आयोजित धरना ऐतिहासिक होगा। जिला उपाध्यक्ष नीरज वर्मा ने कहा कि दिल्ली के कार्यक्रम को लेकर स्वर्ण कारोबारियों में उत्साह है। जिला मुख्यालय के अलावा अन्य जगहों से स्वर्ण कारोबारी दिल्ली जाएंगें। जिला महामंत्री उमाशंकर सराफ ने कहा कि रैली को लेकर व्यापारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। बस और रेलगाड़ी के जरिए हजारों की संख्या में दिल्ली पहुंचेंगे। धरना को वासुदेव वर्मा, कैलाश वर्मा, दीपक वर्मा, उमाशंकर वर्मा, इशु, ऋषिकेश वर्मा, त्रिलोकी बरनवाल, मंगल वर्मा, अमरनाथ वर्मा, वासु सोनी, बच्चा वर्मा, अजय, दीपक, रमेश , जनार्दन वर्मा, आदि मौजूद रहे।
---------