खुखुंदू थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली है छात्रा, पिता ने दर्ज कराया केस
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी बृहस्पतिवार देर-रात को घर से लापता हो गई। शुक्रवार की सुबह पिता ने थाने पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर कुछ घंटे के अंदर ही छात्रा को आरोपी युवक के गांव से खोज निकाला। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा नौवीं की छात्रा बगल के गांव के एक कॉलेज में पढ़ाई करती है। स्कूल आते-जाते समय उसका संपर्क पड़ोसी गांव के एक अंतरजातीय युवक से हो गया। धीरे-धीरे दोनों में काफी नजदिकियां हो गईं। घरवालों का आरोप है कि इसी बीच छात्रा को बहला-फुसलाकर पड़ोसी गांव का युवक बृहस्पतिवार की रात 11 बजे उसके घर से को भगा ले गया। परिजन जब इधर-उधर खोजबीन करने लगे तो पता चला कि पड़ोसी गांव के युवक के साथ छात्रा दिखाई पड़ी थी।
पिता ने शुक्रवार को खुखुंदू थाने पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर छात्रा को खोज निकाला। एसआई विनय कुमार सिंह का कहना है कि छात्रा और युवक के बीच तकरीबन सात माह से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। हालांकि, युवक अभी फरार है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पूछताछ में छात्रा ने इस बात को स्वीकार किया है।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर परसिया करकटही गांव निवासी आरोपी रवि यादव के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर छात्रा को बरामद कर लिया गया है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज कर छात्रा को पुलिस ने खोज लिया है। उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। इसके बाद न्यायालय में 164 के तहत छात्रा के बयान दर्ज होंगे। फिर आगे की कार्रवाई होगी।