संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सात दिन पहले वन स्टाॅप सेंटर से फरार हुई युवती को पुलिस ने प्रयागराज से बुधवार रात खोज निकाला है। युवती वन स्टॉप से गायब हो गई थी। मामले में कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। 14 जुलाई को शहर के मेडिकल कॉलेज रोड स्थित वन स्टॉप सेंटर से एक पीड़िता पुलिस को चकमा देकर भाग निकली थी। इसके बाद तलाश शुरू हुई, लेकिन देर शाम तक पता नहीं चलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी फरार युवती के बारे में पुलिस को पता चला कि इस समय वह प्रयागराज में मौजूद है। जहां से कोतवाली पुलिस के दरोगा और महिला पुलिसकर्मी प्रयागराज पहुंच गए और युवती को बरामद कर लिए। इसके बाद पुलिस फिर से वन स्टाॅप सेंटर में दाखिल कर दी है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि युवती को खोज लिया गया है। उसने पूछताछ में बताया कि वह एक परिचित के पास चुपके से चली गई थी। मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों की जांच की जा रही है।