फोटो समाचार.......
एक साल पूर्व मां की गंभीर बीमारी से हो गई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। कंचनपुर चौराहे से सामान लेकर घर लौट रही एक बालिका चार पहिया वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव निवासी राजेश कन्नौजिया की पुत्री नेहा कनौजिया (9) कक्षा 2 में गांव के एक निजी विद्यालय में पढ़ती थी। शनिवार की दोपहर में स्कूल से पढ़कर वह घर आई। इसके बाद घर का कुछ सामान लेने के लिए चौराहे पर चली गई। वहां से सामान लेकर लौटते समय पथरदेवा-बघौचघाट पर पथरदेवा की ओर से जा रहे एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
नेहा की मां भी एक साल पहले बीमारी के चलते इस दुनिया को अलविदा कह चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।