- जिला पंचायत सदस्य उपेंद्र त्रिपाठी पर हुए हमले का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियारपुर। बरियारपुर थाने पर बृहस्पतिवार को एसओ को प्रार्थनापत्र दिया गया। जिला पंचायत सदस्यों ने मांग की है कि जिला पंचायत सदस्य उपेंद्र त्रिपाठी पर हमला करने वाले आरोपियों की यदि पांच दिन के अंदर गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो सभी जिला पंचायत सदस्य बरियारपुर थाना गेट पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
जिला पंचायत सदस्य उपेंद्र त्रिपाठी निवासी पिपरा शुक्ल थाना खुखुंदू तीन जुलाई की देर शाम देवरिया से बैकुंठपुर होकर अपने गांव चारपहिया वाहन से जा रहे थे। इसी बीच बैकुंठपुर चौराहे पर घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट करने लगे। इसी दौरान किसी ने उनकी सोने की चेन व 2.26 लाख रुपये छीन लिए, और जान माल की धमकी देते हुए भाग गए। अगले दिन उपेंद्र त्रिपाठी ने बरियारपुर थाने में वारदात की तहरीर दी। इस पर पुलिस ने आदर्श पटेल व प्रतीक पटेल निवासी बैकुंठपुर व पांच अज्ञात के खिलाफ केस पंजीकृत किया। आगे कार्रवाई नहीं होने पर जिला पंचायत सदस्यों ने आठ जुलाई को पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
एसपी ने शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण अभी तक आरोपी घूम रहे हैं। पुलिस की शिथिलता को देखते हुए बृहस्पतिवार को 17 जिला पंचायत सदस्यों का हस्ताक्षर युक्त शिकायतीपत्र बरियारपुर एसओ को दिया गया। इसमें पांच दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बरियारपुर थाना गेट पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। बरियारपुर एसओ डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि जिला पंचायत सदस्यों ने प्रार्थनापत्र दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।