-आग से करीब दो सौ बोझा गेहूं भी जला
संवाद न्यूज एजेंसी
पड़री बाजार। सलेमपुर ब्लाॅक के परसिया बंशी उर्फ भरथुआ गांव में एक गौशाला में आग लगने से एक गाय की जलने से मौत हो गई, वहीं दो गाय झुलस गईं। गांव सहित आसपास के लोगों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर पहुंचे एसडीएम अरुण कुमार ने स्थिति का जायजा लिया।
परसिया बंशी उर्फ भरथुआ गांव के पूरब दिशा में गांव के ही बेचू यादव का गौशाला है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद बगल के गांव में गेहूं के डंठल में लगीं आग से गौशाला में भी आग लग गई। गांव के लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। इस बीच गौशाला में बंधी एक गाय की मौत हो गई तथा दो गाय झुलस गईं। ग्राम प्रधान रामकृपाल यादव ने बताया कि यह एक निजी गौशाला है। आग की सूचना ग्रामीण पहुंचे और आग को बुझाया गया। मौके का पहुंचे एसडीएम अरुण कुमार ने जायजा लिया। वहीं परसिया बंशी उर्फ भरथुआ गांव में लगे आग से गांव के ही बृजनाथ गुप्ता का खेत में रखा करीब दो सौ बोझा गेहूं जल गया।