देसही देवरिया। क्षेत्र में रसोई गैस के लिए उपभोक्ताओं को बृहस्पतिवार को भी परेशान होना पड़ा। किसी भी गैस एजेंसी पर गैस वितरण नहीं हुआ। हेतिमपुर, भटनी दादन और पिपरा मदन गोपाल सहित तीनों गैस एजेंसियों पर बृहस्पतिवार को गैस सिलिंडर लेकर वाहन नहीं आए। इसकी वजह से गैस वितरण नहीं हुआ। सुबह से ही ग्राहक इन एजेंसियों पर खाली सिलिंडर लेकर इधर-उधर भटकते रहे। लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। बुकिंग कराकर भी ग्राहक समय से गैस पाने से वंचित रह रहे हैं। कहीं होम डिलीवरी भी नहीं हो रही। उपभोक्ता आए दिन गैस एजेंसी मालिकों पर गैस में धांधली का आरोप लगा रहे हैं।