फोटो...............
- एसटीएफ लखनऊ एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम की छापेमारी में मिली कामयाबी
- पुरवा तिराहे पर डीटीडीसी कोरियर सेवा के कार्यालय पर कोरियर से पहुंचा था गांजा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तस्कर पुलिस से बचने के लिए नए-नए प्रयोग कर रहे हैं। इसका खुलासा बृहस्पतिवार को शहर के पुरवा तिराहा से गिरफ्तार दो गांजा तस्करों ने किया है। गांजा तस्कर ने पुलिस से बचने के लिए इस बार कोरियर से गांजा मंगाया था परंतु इसकी भनक पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ लखनऊ को लग गई। इसके बाद संयुक्त टीम ने कोरियर सेवा के कार्यालय पर छापेमारी कर पैकेट प्राप्त करने आए दो अभियुक्तों को दबोच लिया।
एसटीएफ लखनऊ और थाना कोतवाली देवरिया की संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पुरवा तिराहा के पास स्थित डीटीडीसी कोरियर सेवा के कार्यालय पर कोरियर के माध्यम से आए गांजा के पैकेट को प्राप्त करने आए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। एक की पहचान बघौचघाट थाना क्षेत्र के रविंद्र यादव पुत्र स्व. नथुनी यादव तो दूसरे की पहचान बरियारपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 बनहवा टोला निवासी विकास चौहान पुत्र सुदामा चौहान के रूप में हुई। टीम ने उनके पास से कुल 54 किग्रा गांजा बरामद किया। अभियुक्तों ने बताया कि हमलोगों द्वारा आसाम से कोरियर के माध्यम से जिले के किसी भी पते पर कोरियर मंगाया जाता है। हम लोगों के मोबाइल पर मैसेज आने पर हम सीधे कोरियर कार्यालय पहुंचकर कोरियर रिसीव कर लेते हैं। इसके बाद पुलिस टीम दोनों के विरुद्ध कोतवाली में मामला दर्ज करने के बाद गिरोह के सरगना व अन्य गुर्गों की गिरफ्तारी में जुट गई।