- गिरोह बनाकर पशु तस्करी का करता है धंधा, पत्नी के नाम पर बनाई थी संपत्ति
- जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकौली। जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर स्वयंबर यादव के घर पर सोमवार को पुलिस ने कानून का डंडा चलाया। उसकी 2.17 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई। स्वयंबर पर संगीन धाराओं में जिले के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गिरोह बनाकर पशु तस्करी की घटना को अंजाम देता था।
सुरौली थाना क्षेत्र के सुरौली टोला लक्ष्मीपुर निवासी स्वयंबर यादव ने 15 साल से पुलिस की नाक में दम कर रखा था। पशु तस्करी की राह में बाधा बने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट तक की थी। उस पर हत्या के प्रयास का भी मुकदमा दर्ज है। तीन माह पूर्व पुलिस ने स्वयंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सोमवार को उपजिलाधिकारी सदर सौरभ सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी के नेतृत्व में तहसीलदार सदर देवरिया व राजस्व विभाग के कर्मचारियों, सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक व कोतवाली की पुलिस स्वयंबर यादव के सदर तहसील के सुरौली व रुद्रपुर तहसील के भरौली पिपरा पुरुषोत्तम स्थित भूमि पर पहुंची। अपराध से अर्जित धन से पत्नी निर्मला देवी के नाम पर खरीदी गई संपत्ति को कुर्क किया। इसके अलावा बोलेरो और पिकअप भी जब्त किया गया।
-
इन थानों में दर्ज है मुकदमा
जिले के भलुअनी थाना, सदर कोतवाली, बरियारपुर, रामपुर कारखाना, मदनपुर, रूद्रपुर समेत आधा दर्जन थाने में स्वयंबर के खिलाफ पशु क्रूरता, गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास आदि धाराओं में अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।