बरहज सरयू नदी में डूबने से बचे किशोरों को थाने में आरोपियों के साथ बैठाई पुलिस संवाद
-नवरात्र के अष्टमी व्रत पर एक रिश्तेदार के साथ मेला घूमने और स्नान करने आए थे चारों साथी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर स्थित सरयू नदी तट पर रविवार को स्नान करने के दौरान चार दोस्त सहित पांच लोग डूबने लगे। इसमें भलुअनी थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी कक्षा आठवीं के छात्र की मौत हो गई। जबकि आसपास मौजूद लोगों ने चारों को बचा लिया गया। घटना से दोस्त अभय की मौत के सदमे से नहीं उबर पा रहे थे। सभी एक रिश्तेदार के साथ मेला घूमने और स्नान करने आए थे।
मिश्रौली-तरौली निवासी अभय पुत्र नंदलाल की मौत से थाने में बैठाए गए बरौली के बलवंत पुत्र मारकंडेय, करजहां के राज पुत्र रामजीत,बनकटवा के शिवम पुत्र दिनेश और रिश्तेेदारी में आए देवरिया के सरया निवासी कन्हैया पुत्र अशोक घटना को याद कर रह-रह कर सिहर जा रहे थे। उनके चेहरों पर साथी के मौत का खौफ दिखाई दे रहा था। अभय साथी राज, बलवंत, शिवम में गहरी मित्रता थी। चारों नवरात्र पर व्रत थे, जो घर से बरहज मेला घूमने और स्नान करने की बात कहकर निकले थे। डूबने से बचे साथियों को क्या पता था कि अभय का हमेशा के लिए साथ छूट जाएगा। अभय के मौत की जानकारी होने पर मां प्रेमा देवी का रो-रो कर बुरा हाल था। जबकि बड़े भाई अभिषेक और पिता नंदलाल बदहवास थे।
-
डूबने से बचाए गए चार साथियों को आरोपियों के साथ बैठाए जाने पर सीओ ने लिया क्लास
बरहज। संतरविदास घाट पर सरयू नदी में रविवार को स्नान के दौरान एक रिश्तेदार सहित चार अन्य साथी डूबने लगे। इसमें चार को लोगों ने डूबने से बचा लिया। पुलिस ने डूबने से बचाए गए बलवंत, राज, शिवम और कन्हैया को थाने भेजा। जबकि अभय की तलाश कराने में जुट गई। थाने में तैनात पुलिस कर्मियों ने चारों को अन्य मामलों के आरोपियों के बीच जमीन पर बैठा दिया। किसी ने इसकी जानकारी सीओ राजेश कुमार सिंह को दी। आरोपियों के बीच बैठाए जाने की जानकारी होने पर सीओ ने फोन पर दीवान की क्लास ली। अधिकारी की डांट-फटकार के बाद चारों को कार्यालय में बैठाया गया। अन्य मामलों के आरोपियों के बीच बैठाए गए चारों साथियों को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा थी। इसको लेकर परिजन भी नाराज दिखे। सीओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि डूबने से बचाए गए सभी को आरोपियों के साथ बैठाया जाना गलत था। जानकारी होने पर सभी को कार्यालय में बैठाया गया।