सलेमपुर नगर के टीचर्स कालोनी के रहने वाले एक व्यक्ति ने मदद के नाम पर अपने साथी को 3.74 लाख रुपये उधार दिया। आरोप है कि उधार लेने वाला व्यक्ति रुपये लौटाने में आनाकानी कर रहा है और धमकी भी दे रहा है। पीड़ित की शिकायत सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सत्य प्रकाश मिश्र ने कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौली गांव के रहने वाले अपने दोस्त विवेक मिश्र की मदद की। उसके मांगने पर निजी कार्य के लिए 2.44 लाख रुपये नकद दिया। इसके बाद अगस्त माह में 1.30 लाख रुपये खाते में भेजा। सत्य प्रकाश के अनुसार उन्होंने कुल तीन लाख चौहत्तर हजार रुपये दिए। आरोप है कि उधार दी गई रकम मांगने पर विवेक केवल आश्वासन देता रहा।
काफी दबाव बनाने पर उसने छह नवंबर को 2.24 लाख रुपये का चेक फर्जी हस्ताक्षर कर दे दिया। जब बैंक में लगाया तो बैंक ने अनाधिकृत बताते हुए चेक निरस्त कर दिया। इसके बाद रुपये मांगने पर धमकी दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल उमेश कुमार बाजपेई ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।