डे-प्लान की खबर-
नगर पालिका से जारी होने वाले जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र से मिलते जुलते हैं ये प्रमाणपत्र
सदर नगर पालिका में ऐसे कई लोगाें ने कर रखी है शिकायत
करीब डेढ़ माह पहले नगर पालिका के कर्मचारियों ने पकड़ा था ऐसा एक मामला
विद्यालयों में दाखिला, आधार कार्ड और पासपोर्ट बनवाने में पड़ती है इसकी जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। यदि आप जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने जा रहे हैं तो सावधान रहें। जरा सी चूक आपके लिए मुसीबत बन सकती है। क्योंकि 50 से अधिक प्रकार की फर्जी वेबसाइटों से फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी हो रहे हैं। इन वेबसाइटों से जारी प्रमाणपत्रों को कहीं भी स्वीकार नहीं किया जाता है।
कुछ शातिर साइबर कैफे और जन सेवा केंद्रों संचालकों की तरफ से इस तरह की वेबसाइटों का प्रयोग किया जा रहा है। ये नगर पालिका व नगर पंचायतों की तरफ से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने में विलंब होने का फायदा उठा रहे हैं। ऐसे मामले देवरिया नगर पालिका में अक्सर आ रहे हैं।
जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज होते हैं। इन्हें जनपद के शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका या नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लॉक से जारी किया जाता है। इसे 21 दिनों के अंदर निर्गत करना होता है। 21 दिन तक के बच्चों का जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र निशुल्क बनता है। जबकि, एक साल तक के बच्चों का पांच रुपये व उससे अधिक के उम्र के लिए दस रुपये शुल्क निर्धारित है। ताकि कम खर्च में जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र जरूरतमंद लोगाें को उपलब्ध कराया जा सके।
इसके लिए आवेदन करने पर एसडीएम के पास पंजीकरण की संस्तुति के लिए भेजा जाता है। लेकिन, समय से संस्तुति न मिल पाने के कारण जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र वक्त पर निर्गत नहीं हो पा रहे हैं। अगस्त 2023 से अब तक देवरिया नगर पालिका में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के करीब एक हजार आवेदन लंबित हैं।
दूसरी ओर कुछ साइबर कैफे और जन सेवा केंद्र संचालक आवेदनकर्ताओं की इस विवशता का फायदा उठाकर सरकार की अधिकृत वेबसाइट crsorgi.gov.in से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट के जरिए उससे जाली जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बना रहे हैं। लोगों से मनमाना शुल्क वसूल रहे हैं। विभागीय कर्मचारियों की मानें तो ऐसा मामला करीब डेढ़ महीना पहले नगर पालिका प्रशासन की तरफ से पकड़ा जा चुका है।
ऐसी होती हैं असली से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट
www.crsgovorgi.co.in www.crsgovi.tech
www.crsorgi-govi.com www.crsfastprint.in
www.crsogi.link www.births.co.in
इन्हें अगस्त 2023 से जारी नहीं हो सके जन्म प्रमाणपत्र
देवरिया नगर के निवासी अजीत वर्मा ने अपनी पुत्री गौरी वर्मा के जन्म प्रमाणपत्र के लिए नगर पालिका में आवेदन किया था। लेकिन, अब तक प्रमाणपत्र निर्गत नहीं हो सका है। ऐसे ही देवरिया शहर के ही निवासी जियाउल खां ने अपने पुत्र अयाज खां, ईश्वर ने अपनी पुत्री शिवानी और योगेंद्र कुमार ने अपनी पुत्री सौम्या के जन्म प्रमाणपत्र के लिए बीते अगस्त महीने में आवेदन किया था। लगभग छह माह का समय गुजर जाने के बावजूद प्रमाणपत्र जारी नहीं हो सका है। ऐसे ही शहर की निवासी मंजू देवी ने अपने परिवार के व्यास मुनि पांडेय व सतीशचंद ने मुन्नी रानी के नाम से मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया है। लेकिन, मृत्यु प्रमाणपत्र निर्गत नहीं हो सका है।
नगर पालिका की तरफ से इनके आवेदन पत्र संस्तुति के लिए एसडीएम न्यायालय भेजे गए, लेकिन संस्तुति नहीं मिल सकी है। इस वजह से इनके प्रमाणपत्र जारी नहीं हो सके हैं। अगस्त 2023 से अब तक लगभग 1,000 आवेदन लंबित हैं।
कोट
यह मामला संज्ञान में आया है। कार्यालय आते ही इसे दिखवाती हूं। इस तरह की शिकायतों की जांच कराई जाएगी।
-अंकिता शुक्ला, ईओ, नगर पालिका परिषद, देवरिया
पुलिस भर्ती के दौरान ऑपरेटर की ड्यूटी जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र के काम में लगा दी गई थी। इसलिए विलंब हुआ था। जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के काम में ऑपरेटर फिर से लगा दिया गया है। शुक्रवार को 60 आवेदनपत्रों का निस्तारण किया गया है। लंबित सभी आवेदन पत्रों का जल्द निस्तारण कर दिया जाएगा।
-विपिन द्विवेदी, एसडीएम सदर