संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसपी विक्रांत वीर को तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग है। आरोप है कि पासपोर्ट और कागजात जमा कराने के बाद दिल्ली बुलाकर फ्लाइट टिकट दिखाया गया, मगर निर्धारित दिन न तो उड़ान में नाम था और न ही आरोपी मौके पर मौजूद थे। सुरौली क्षेत्र के बढ़या बुजुर्ग निवासी शैलेंद्र चौरसिया ने बताया कि गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र के मठिया गांव निवासी तीन जालसाज और अन्य लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उनसे करीब साढ़े चार लाख रुपये विभिन्न खातों और लेन-देन के जरिये वसूले गए। पीड़ित का कहना है कि ठगों ने उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट तक बुलाकर टिकट दिखाया। जब उड़ान का समय आया तो उनका नाम सूची में नहीं था। इसके बाद सभी आरोपी भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को बैंक खाते और मोबाइल नंबरों की जानकारी भी उपलब्ध कराई है। शैलेंद्र चौरसिया ने बताया कि सिर्फ उन्होंने ही नहीं बल्कि अन्य लोग भी ठगी के शिकार हुए हैं। अभिषेक निषाद से 70 हजार, विशाल से 80 हजार रुपये वसूले गए, जबकि कमलेश, अष्टभुजा और कई अन्य ने भी बड़ी रकम दी थी। किसी को भी विदेश भेजने की व्यवस्था नहीं की गई। पीड़ित ने एसपी विक्रांत वीर को तहरीर सौंपकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और हड़पी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। एसपी ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया है।