पगरा में 200 लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगने वाले हैं पुलिस की पकड़ से दूर
सीसी रोड की ट्रेवेल्स एजेंसी के जरिए हुई ठगी के मामले में दो आरोपियों की तलाश हुई तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले दो गिरोहों के गुर्गों को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। दस दिन पहले पगरा में ट्रेवेल्स एजेंसी के जरिए 200 से अधिक बेरोजगारों से तीन करोड़ की ठगी करने के मामले में दस दिन बाद भी पुलिस को कामयाबी नहीं मिली है।
पुलिस को जांच में पता चला है कि इस गिरोह का सरगना दिल्ली में रहता है और देवरिया पुलिस दिल्ली रवाना हो गई है। हालांकि, सीसी रोड की ट्रेवेल्स एजेंसी के जरिए हुई ठगी के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस की टीम एजेंसी के सरगना की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली रवाना हुई है। इधर, पुलिस नामजद एजेंट अयोध्या निवासी की गिरफ्तारी में जुटी है। ताकि इस ठगी के मामले का शीघ्र पटाक्षेप हो सके।
शहर के पगरा में ट्रेवेल्स एजेंसी संचालक ने करीब 120 युवकों को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद मुंबई फ्लाइट भेजने के लिए भेज दिया। युवक पर जब मुंबई पहुंचे को उनका टिकट कैंसल करवा एजेंसी बंद कर फरार हो गए। इसके बाद युवकों ने एजेंसी में बैठने वाले अयोध्या निवासी आयुष शुक्ला के विरुद्ध कोतवाली में आवेदन दिया।
इसके बाद पुलिस मामले की जांच शुरू की और सर्विलांस की मदद ली तो सरगना दिल्ली का निकला। जबकि फ्रॉड खाते के संचालन का काम दिल्ली और बिहार में बैठा सरगना करता है। इसके बाद पुलिस उसकी जांच में जुट गई। तो सरगना दिल्ली के उत्तम नगर का रहने वाला संदीप दास पिता सुदामा दास निकला। पुलिस ने संदीप की लोकेशन लेनी चाही तो उसका नंबर बंद मिल रहा है।
इसके बाद स्थानीय पुलिस से जानकारी लेनी चाही तो उसे एक और पता बिहार के मोतिहारी का भी मिला। सारी जानकारी लेने के बाद कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने बताया पुलिस सर्विलांस के जरिए उसकी हर गतिविधि पर नजर गड़ाए हुए हैं। इधर, पुलिस सूत्रों की मानें तो इस घटना में शामिल मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए एक टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई। पुलिस को जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है। टीम का नेतृत्व सिविल लाइन चौकी इंचार्ज सदानंद यादव के जिम्मे है। इस संबंध में कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा से बात की गई तो उन्होंने विभागीय कार्य के सिलसिले से दिल्ली जाने की बात कही। ठगी के मामले के खुलासे पर उन्होंने कहा कि पुलिस पगरा की घटना का भी जल्द से जल्द पटाक्षेप करेगी।
सीसी रोड के ट्रेवेल्स एजेंसी के जरिए हुई ठगी के मामले में दो आरोपियों की तलाश हुई तेज
सीसी रोड के ट्रेवेल्स एजेंसी के संचालक कन्हैया पांडेय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार इमरान व सुधांशु नामक युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए साइबर सेल का भी सहारा ले रही है। पुलिस दोनों का नंबर सर्विलांस पर डालकर उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही है। दोनों आरोपियों में इमरान का पता दिल्ली बताया जा रहा है। जिसके बारे में पुलिस जानकारी ले रही है।