तरकुलवा। भेलीपट्टी में एक शख्स को डिजिटल अरेस्ट कर 1.43 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात साबर अपराधी पर सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पथरदेवा नगर पंचायत के भेलीपट्टी निवासी सुशील कुमार पांडेय ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि आठ जुलाई 2025 को एक साइबर ठग ने झांसा देकर ऑनलाइन उनके बैंक खाते से दो बार में 1.43 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर पोर्टल पर की मगर कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच वह पारिवारिक चिकित्सा के सिलसिले में व्यस्त हो गए। इससे निवृत्त होने के बाद पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात साइबर ठग पर प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक अज्ञात आरोपी पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद