खरीदे हुए ट्रैक्टर का कागजात मांगने पर धमकी देने का का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। ट्रैक्टर एजेंसी के मालिक पर एक महिला ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। महिला ने खरीदे हुए ट्रैक्टर का सेल पेपर, बीमा की कापी समेत अन्य कागजात मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी शिकायत में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मथुराछापर गांव की रहने वाली कमला देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुरवां स्थित एजेंसी से वर्ष 2021 में किस्त पर स्वराज ट्रैक्टर खरीदा था। जिसमें कमला ने 3.60 लाख नगद व शेष धनराशि का फाइनेंस कराया। आरोप है कि वितरक ने कमला को सेल पेपर व बीमा की कापी नहीं दी, मांगने पर कहा गया कि रजिस्ट्रेशन के लिए अप्लाई कर दिया गया है आने के बाद एक ही बार सारा कागजात देंगे। एक माह बाद महिला अपने बेटे के साथ एजेंसी पर जाकर मालिक से मिली और संबंधित कागजात मांगी तो एजेंसी मालिक ने कहा कि अभी रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है एआरटीओ कार्यालय से रजिस्ट्रेशन का कागज मिलने पर आपको दिया जाएगा। इसके बाद महिला अपने बेटे के साथ एजेंसी का बार-बार चक्कर लगाती रही लेकिन एजेंसी मालिक ने ट्रैक्टर के कागजात नहीं दिए।
महिला ने एजेंसी मालिक पर जान बूझकर धोखाधड़ी कर उक्त ट्रैक्टर को बेचने तथा एजेंसी से भगाने और गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर एजेंसी मालिक पर धोखाधड़ी, धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।