कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं का किया पर्दाफाश
देवरिया। पुलिस ने सोमवार को तीन बाइक पर सवार चार युवकों को संदेह होने पर रोका। कागज मांगने पर युवक नहीं दिखा सके। कोतवाली लाकर की गई पूछताछ युवकों ने बाइक चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपियों ने अपने कुछ और साथियों का नाम बताया है। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
कोतवाली पुलिस सोमवार को कसया-सोनूघाट बाइपास रोड पर गश्त कर रही थी। उधर से गुजर रहे तीन बाइक पर सवार चार युवकों को पुलिस ने संदेह होने पर रोका। पुलिस को देख युवक हड़बड़ा गए और बाइकों का कागज नहीं दिखा सके। पुलिस के अनुसार दो युवकों ने भागने की कोशिश की तो उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
आरोपियों की पहचान शहर के खरजरवा निवासी शिवा गोंड उर्फ बादल, किशन गोंड, सिवान जिला के मैरवा थाना क्षेत्र के कबीरपुर गोलू राजभर, बनकटा थाना क्षेत्र के अघाव निवासी सुनील कुमार राजभर के रूप में की गई। पूछताछ में युवकों ने तीनों बाइक शहर के नगर पालिका रोड, सीसी रोड से चोरी करने की बात कही। तीनों बाइक आरोपियों ने 15 दिन पहले चोरी की थी। इंस्पेक्टर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आरोपियों ने कुछ युवकों का नाम बताया कि है। उनकी तलाश की जा रही है।