-सिवान के गुठनी थाना पुलिस ने की कार्रवाई, तीन बाइक भी पुलिस ने जब्त की
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया।
बिहार के सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के एक बगीचे में जुआ खेल रहे चार युवकों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में लार क्षेत्र का एक सपा कार्यकर्ता भी है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिस पर हमला भी किया। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गुठनी थाना क्षेत्र के गुठनी सरया गांव के बीच कटहरी बारी में कुछ लोगों के जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस को देख जुआ खेल रहे आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर सभी को दबोच लिया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर जुआ खेलने वाले स्थान से 14 हजार चार सौ रुपये, ताश के पत्ते और तीन बाइक जब्त की। आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाकिर निवासी रामनगर थाना लार (यूपी), मिथिलेश तुरहा, किशन चौहान, नौशाद हाशमी निवासी गुठनी के रूप में हुई है। इनमें मोहम्मद शाकिर सपा कार्यकर्ता है। बताया जा रहा है कि शाकिर अक्सर गुठनी जुआ खेलने जाता रहता है। पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी।
सूत्रों के अनुसार, जुआ खेलने के आरोप में जेल भेजे गये सपा कार्यकर्ता मो. शाकिर का लार थाने में काफी प्रभाव है। अक्सर उसका थाने आनाजाना होता रहता है। वहीं लार बाजार स्थित उसकी दुकान पर भी पुलिसकर्मियों की बैठक होती रहती है।
पैरवी में गए जनप्रतिनिधि को पुलिस ने खदेड़ा
शाकिर की गिरफ्तारी की सूचना पर लार के एक जनप्रतिनिधि उसकी पैरवी करने गुठनी थाना पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके कुछ कहने से पहले ही पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। पुलिस के तेवर देख वह भी चुपके से निकल लिए। इस बात की भी नगर में खूब चर्चा है।