रैन बसेरा का टीन शेड फोटो- संवाद
्र- ईओ ने कोतवाली में पूर्व चेयरमैन के खिलाफ तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर पंचायत का रैन बसेरा शनिवार को एक पूर्व चेयरमैन कुछ मजदूरों को लगाकर उजड़वा रहे थे। यह देख आसपास के लोगों ने विरोध जताते हुए नगर पंचायत को सूचना दी। ईओ और चेयरमैन ने विरोध जताते हुए शेड को ले जाने से रोक दिया। ईओ ने कोतवाली पुलिस को इस संबंध में तहरीर दी है।
ठंड के समय में असहाय लोगों के ठहराव के लिए नगर पंचायत ने एसडीएम आवास के सामने स्थाई रैन बसेरा बनवाया है। हल्की ठंड की शुुरुआत होते ही नगर पंचायत रैन बसेरा को ठीक कराने में जुटी थी। इसी बीच पूर्व चेयरमैन जेपी मद्धेशिया शनिवार की सुबह कुछ लोगों को लेकर रैन बसेरा पर पहुंच गए और टीन शेड को उतरवाने लगे। यह देख लोगों ने जब आपत्ति दिखाई तो वह अपने कार्यकाल में बनाए जाने का जिक्र कर विवाद करने पर उतारू हो गए। इसके बाद लोगों ने विरोध कर टीन शेड को रोक दिया।
मौके पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव व ईओ हिमांशु प्रताप सिंह ने नगर पंचायत की संपत्ति बताते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल उमेश कुमार वाजपेयी ने बताया कि मैं तहसील दिवस में था। अगर इस तरह का काम पूर्व चेयरमैन ने किया है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूर्व चेयरमैन जेपी मद्धेशिया ने बताया कि मेरे कार्यकाल में बनाया गया था। टेंडर भी किया गया था, लेकिन भुगतान नहीं हुआ था। जिसके चलते मैं उसे उतरवा लिया।