फोरेंसिक टीम ने नीरज के प्रेमिका के घर से लिए नमूने
भागलपुर पुल पर घटना की रात मिलना बताई जा रही प्रेमिका के पिता की लोकेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। भलुअनी थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव निवासी नीरज तिवारी के प्रेमिका घर से गायब होने मामले में बुधवार को फोरेंसिक टीम की फील्ड यूनिट ने जगह-जगह से नमूना लिया। जबकि खेत में संदिग्ध स्थानों खुदाई कराते हुए पड़ताल की गई। हालांकि, दो नवंबर की रात नीरज के गायब होने के बाद उसके प्रेमिका के पिता की लोकेशन भागलपुर पुल पर मिलनी बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस अभी तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी और फोरेंसिक टीम नीरज के प्रेमिका के गांव पहुंची। करीब तीन घंटे तक रही जांच टीम ने घर के अंदर कमरों सहित अन्य जगहों से नमूने लिए। वहीं, गांव के बाहर उसके खेत में संदिग्ध प्रतीत होने वाले जगहों की खुदाई कराकर पड़ताल की। पुलिस के अनुसार नीरज प्रकरण में हत्या कर शव ठिकाने लगाने और प्रेमिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने जैसे बिंदु पर जांच की जा रही है।
भागलपुर पुल पर प्रेमिका के पिता की लोकेशन मिलने को लेकर पुलिस सरयू नदी खंगलवाने की कवायद कर रही है। नीरज मामले में पुलिस 14 दिन बाद भी खाली हाथ है। ग्रामीणों के अनुसार नीरज के प्रेमिका के परिजन ऊंचे रसूख वाले हैं। इसको लेकर कोई कुछ भी कहने से गुरेज कर रहा है। लोग जनपद के थानों में उनकी पकड़ बता रहे हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने बताया कि नीरज मामले में हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामला सामने आ जाएगा।