अश्लील हरकत से मना किया तो सिपाही को पीटा, वर्दी फाड़ी
चनुकी(देवरिया)। छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने से माना करने पर लार थाना क्षेत्र के खरवनिया पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही को मनबढ़ युवकों ने बृहस्पतिवार को पीट दिया। आरोपियों ने सिपाही की वर्दी फाड़ दी और बिल्ला भी नोच लिया। सिपाही ने दस युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। देर रात तक पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी थी।
खरवनिया पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही प्रीतम सिंह ने तहरीर दी है कि दोपहर में एक महाविद्यालय के प्रबंधक ने चौकी पर लिखित सूचना दी थी कुछ युवक स्कूल के प्रांगण में पहुंच कर छात्राओं पर छींटाकशी कर रहे हैं। जानकारी होने पर सिपाही मौके पर पहुंच मनबढ़ युवकों को मना करने लगा। इससे नाराज युवकों ने सिपाही की पिटाई कर दी। सिपाही का आरोप है कि युवकों ने बिल्ला नोच लिया और वर्दी फाड़ दी। बाइक को लोहे की रॉड से क्षतिग्रस्त कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस बल चौकी पहुंचा और मामले की जानकारी ली। एसओ नवीन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।