नवरात्र एवं रमजान आया तो फल एवं सब्जी बाजार में अचानक आ गया उछाल
- थोक मंडी में पर्व को देखते हुए फलों की हो रही पर्याप्त आवक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। चैत्र नवरात्र का आगमन हो चुका है, जबकि रमजान का इंतजार हो रहा है। मंदिरों व घरों में माता का दरबार सज गया है तो मुस्लिम घरों में भी रमजान की तैयारियां की जा रही हैं। दोनों पर्वों के इस बार एक साथ पड़ने से फल एवं सब्जी का बाजार तेज हो गया है। इसका सीधा फायदा फल-सब्जी के फुटकर विक्रेता उठा रहे हैं। थोक मंडी से बाहर निकलते ही फलों के दाम दो से ढाई गुना तेज होने से इसका सीधा असर व्रतियों के बजट पर पड़ रहा है।
देवरिया- सलेमपुर रोड पर स्थित थोक मंडी में इधर फलों की खूब आवक हो रही है। इसमें सेब, संतरा व अनार का सीजन नहीं होने से कोल्ड स्टोरेज से इसे मंगाया जा रहा है। हालांकि फुटकर में इन फलों के दाम अचानक तेज हो गए हैं। इधर सिविल लाइंस, मोतीलाल रोड, हनुमान मंदिर रोड सहित अन्य जगहों के फुटकर विक्रेताओं ने दोनों पर्वों पर मांग को देखते हुए दो से ढ़ाई गुना तक दाम बढ़ा दिए हैं।
थोक मंडी में कश्मीर के सेब की कीमत 120 से 150 रुपये तो फुटकर में इसे 180 से 200 रुपये में बेचा जा रहा है। राजस्थान व गुजरात से आ रहा अनार थोक मंडी में 60 तो फुटकर में 100 से 120 तक मिल रहा है। इसी तरह अंगूर, संतरा, पपीता, हरा नारियल, खरबूज, तरबूज पर भी फुटकर विक्रेता थोक की तुलना में दो से तीन गुना तक मुनाफा कमा रहे हैं। आम की आवक अभी जिले में कम है।
-
फुटकर में फलों के दाम में हुई है वृद्धि
फल थोक भाव फुटकर विक्रेता प्रति किलो
सेब 120-150 150-200
अनार 60-100 100-150
संतरा 35-60 60-100
अंगूर 40 60
पपीता 35 60
तरबूज 20 30
खरबूजा 40 60
आम 70 100
केला 55 60-70
नारियल 40 50
-
सब्जियों के दाम
सब्जी थोक भाव फुटकर भाव पवरल 35 60
करेला 45 60
कटहल 25-30 60-80
नेनुआ 28 40
टमाटर 12 20
शिमला मिर्च 40 60-80
लौकी 14 20
स्ट्राबेरी, ड्रेगन फ्रूट और खजूर की बढ़ी है मांग
जिले में पहले पहाड़ों से आने वाले स्ट्राबेरी, ड्रेगन फ्रूट व खजूर कम आते थे, लेकिन इस बार थोक मंडी में यह खूब आए हैं। थोक व्यावसायी शकील अहमद सिद्दीकी ने बताया कि स्ट्राबेरी पांच पैकेट के बंडल में जिसमें हर पैकेट 250 ग्राम का होता है 400 से 600 रुपये, ड्रेगन फ्रूट 70 रुपये पीस, कीवी 150 पीस दो हजार रुपये, खजूर 700 से 2200 रुपये में 20 किलो का गत्ता आया है। फुटकर दुकानदार अपना मुनाफा जोड़कर इसे बेच रहे हैं।
.....स्पीकअप
एक माह पहले कम थे फलों के दाम
सामान्य दिन में फल आम लोगों की पहुंच में होते हैं। नवरात्र सहित अन्य त्योहार आते ही इसके मूल्यों में दो गुना वृद्धि हो जाती है। एक माह पूर्व सेब 70 से 80 रुपये, संतरा 60 रुपये बिक रहा था, अब इनके दाम बढ़े हुए हैं।
-कंचन जायसवाल, गृहिणी न्यू काॅलोनी
पर्व में फुटकर विक्रेता कमाते हैं अधिक मुनाफा
नवरात्र में मौसमी फलों का विशेष महत्व होने से पूजन के अलावा चढ़ाने में एवं प्रसाद भी बनाया जाता है। फुटकर विक्रेताओं ने तो इस बार कुछ ज्यादा ही दाम बढ़ा दिए हैं जबकि पहले से ही महंगाई परेशान किए हुए है।
-शिप्रा जायसवाल, गृहिणी, गोरखपुर रोड
-
पर्व से मांग बढ़ी तो आई है तेजी
नवरात्र व रमजान के चलते फलों की मांग बढ़ी है। मांग बढ़ने से ही थोक मूल्य भी पांच से 10 रुपये तक तेज हुए हैं। धूप होगा तो अंगूर के दाम में अभी और वृद्धि होगी। सेब अभी कोल्ड स्टोरेज से आ रहा है, इसलिए अधिक महंगा है।
-वकार अहमद, थोक फल व्यावसायी
-
थोक मंडी में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश से फलों की पर्याप्त आवक हो रही है। फुटकर मंडी तक पहुंचने में दुकानदार 10 रुपये भाड़ा, 10 रुपये खराब माल और अपना मुनाफा जोड़ देता है। इससे यहां से वहां पहुंचने में मूल्य दो से ढाई गुना हो जाता है।
-विनय गुप्ता, थोक फल व्यावसायी