गंदगी मिलने पर एक विक्रेता का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बारिश और सावन के पवित्र मास में लोगों को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार को अभियान चलाया। खाद्य सचल दल ने शहर के बस स्टैंड के सामने मिठाई, चाट एवं किराने की दुकानों सहित 11 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 12 किलोग्राम दूषित मिठाइयों को नष्ट कराया गया। जबकि गंदगी मिलने पर एक विक्रेता का पंजीकरण को निलंबित कर दिया गया। वहीं एक मिठाई की दुकान से छेना मिठाई का नमूना लिया गया। साथ ही चार को सुधार की नोटिस दी गई।
सचल दल की टीम बस स्टेशन पर पहुंची। टीम ने ऋषभ गुप्ता, चंदन गुप्ता, संजीव कुमार मिठाई की दुकान, जगदीश बरनवाल के किराने की दुकान, रंजन कुमार मद्धेशिया के बेकरी की दुकान, विशाल भोजनालय, सुरेश चौरसिया के किराने की दुकान, सोहनलाल मिठाई की दुकान, जय बजरंगबली छोला भटूरा, रविंद्र सोनकर के मिठाई की दुकान, सीताराम की मिठाई की दुकान सहित कुल 11 दुकानों का निरीक्षण की। इसमें चार दुकानों में गंदगी मिलने पर इंप्रूवमेंट नोटिस जारी कार्रवाई की जा रही है, जबकि सीताराम के यहां दूषित मिठाई मिली। टीम ने 12 किलोग्राम रसगुल्ला एवं छेना नष्ट कराया गया तथा इनका पंजीकरण निलंबित कर दिया। रविंद्र सोनकर के यहां से छेने की मिठाई में अपमिश्रण के संदेह पर नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। टीम की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप रहा। सचल दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, संदीप कुमार श्रीवास्तव, मानवेंद्र कुमार व खाद्य सहायक राम भरत शामिल रहे।
बारिश और सावन मास को देखते हुए अभियान चलाकर दुकानों का निरीक्षण किया। एक दुकान में दूषित मिठाई मिलने पर नष्ट कराया गया और पंजीकरण निलंबित कर दिया गया। कुछ दुकानों पर गंदगी मिलने पर नोटिस दी गई है। मिलावट का संदेह होने पर एक दुकान से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अभियान रेलवे स्टेशन के आस-पास भी चलाया जाएगा।
विनय कुमार सहाय
सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड 2