खाद्य निरीक्षकों की टीम ने मिष्ठान भंडारों पर छापा मारा
देवरिया। रक्षाबंधन पर आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि निरीक्षण विभाग की टीम कई दिनों से लगातार छापामारी कर रही है। बुधवार को अलग-अलग जगहों से चार नमूने एकत्रित किए गए। 70 किलोग्राम दूषित मिठाइयों को नष्ट कराते हुए खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी गई। जगदंबा मिष्ठान भंडार फुलवरिया बाजार से छेना मिठाई का नमूना एवं मद्धेशिया मिष्ठान भंडार फुलवरिया बाजार से पनीर का नमूना, सोहनपुर बाजार स्थित साक्षी मिष्ठान भंडार से छेना मिठाई तथा भाटपाररानी के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित शैलेश मिष्ठान भंडार से पनीर का नमूना एकत्रित किया गया। फुलवरिया चौराहे पर बंगाली मिष्ठान भंडार एवं अन्य विक्रेताओं के यहां 70 किलो रंगीन एवं दूषित लड्डू नष्ट कराया गया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रंजन श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव, अजीत कुमार त्रिपाठी, शुभेश कुमार मौजूद थे।