देवरिया। खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने और इसे लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए बृहस्पतिवार को एफएसडब्लू वैन (सचल खाद्य प्रयोगशाला) में 45 नमूनों की जांच की गई। इसमें 13 नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले। दुकानदारों को गुणवत्ता में सुधार का निर्देश दिया गया। वहीं लोगों को मिलावट के बारे में जागरूक किया गया सहायक आयुक्त (खाद्य) गोरखपुर मंडल की ओर से एफएसडब्लू वैन उपलब्ध कराई गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रंजन कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सहायक रामभरत यादव व अन्य कर्मी वैन लेकर घाटी बाजार, भाटपाररानी, देवरिया में विभिन्न स्थानों पर पहुंचे। इन स्थानों पर 45 नमूने जांच की गई। इसमें छेना मिठाई का तीन, बेसन लड्डू, बतीशा, कलाकंद, मंगरैल के एक-एक, मसूर दाल, कालीमिर्च, मसाला के दो-दो नमूने मानक के अनुरूप नहीं मिले। टीम ने दुकानदारों को जांच रिपोर्ट बताया और उन्हें चेतावनी देते हुए खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में सुधार लाने का निर्देश दिया। साथ ही लोगों को जागरूक किया।
मिठाई की दुकान पर छापा, नमूने लिए
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को शहर के अमर ज्योति चौराहा स्थित मल्ल मिष्ठान भंडार पर छापा मारा। टीम ने छेना आर पेड़ा मिठाई का नमूना लिया, जिसे जांच के लिए झांसी भेजा गया।
-
एफएसडब्लू वैन से विभिन्न स्थानों पर 45 नमूनों की जांच की गई। इसमें 13 मानक के अनुरूप नहीं मिले। दुकानदारों को गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं शहर में एक मिठाई की दुकान पर छापा मार कर नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रमेश चंद्र पांडेय, सहायक आयुक्त खाद्य, सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन