टीम ने लिए सात नमूने, संदेह पर लड्डू सीज
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रक्षाबंधन त्योहार पर शुद्ध मिठाई व खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। टीम ने सोमवार को सात नमूने लिए। साथ ही 11,704 रुपये का लड्डू संदेह के आधार पर सीज कर विक्रेता की अभिरक्षा में दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने सर्विलांस बेस्ड ऑल इंडिया सर्वे नमूने में चंदन एक्टिव ब्रांड रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल का नमूना तथा चकाचक ब्रांड राइस ब्रान ऑयल का नमूना रुद्रपुर बाजार से लिया। इसी बाजार से बेसन का नमूना भी लिया गया।
मुख्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष मल्ल, रंजन कुमार श्रीवास्तव, डॉ. सुभेस कुमार ने सलेमपुर बाजार में गोकुल स्वीट की विनिर्माण इकाई का निरीक्षण किया और अनियमितता मिलने पर सुधार के निर्देश दिए। साथ ही छेना मिठाई एवं खोए का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।
इसी बाजार में गांधी चौक से विनय मिष्ठान भंडार से लड्डू का नमूना लिया। वहीं, रिंकू मिष्ठान भंडार से पीले रंग के लड्डू का नमूना लिया गया। यहां 22 बॉक्स मिले, इसमें 154 किलोग्राम पीला लड्डू था, जिसका अनुमानित मूल्य 11,704 रुपये था। उसे सीजकर विक्रेता की अभिरक्षा में दिया गया। टीम की कार्रवाई से खाद्य विक्रेताओं में खलबली मच गई तथा दुकानें बंद हो गईं। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि अभियान 11 अगस्त तक चलाया जाएगा।