रामपुर कारखाना के धनौती मिश्र गांव के पास नहर की धार में बहा पुल
- फोटो : DEORIA
तेज धारा में बह गया धनौती मिश्र का पुल
रामपुर कारखाना। तेज बारिश तो थम गया मगर अब नहर का कहर क्षेत्र में जारी है। जब जरूरत थी तो पानी की किल्लत किसानों को परेशान कर रही थी और अब ओवरफ्लो व पटरी टूटने से काफी तबाही मची है। सोमवार को धनौती मिश्र गांव का पुल तेज बहाव में बह गया। इससे आधा दर्जन गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क कट गया है। सदर कोतवाली के धनौती मिश्र गांव के नहर पर बना पुल सोमवार को तेज धार की वजह से बह गया। वह गांव के संपर्क का मुख्य मार्ग था। पुल के बह जाने से गांव का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है। गांव के लोगों को अब दस किलोमीटर का चक्कर लगा कर शहर जाना पड़ेगा। ओवरफ्लो और पटरी टूटने की समस्या से जूझ रहे क्षेत्र के किसानों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। क्षेत्र में नहर पटरी टूटने का दौर जारी है। रविवार को सवरेजी और रामपुर चंद्रभान में भी पटरी टूट गई थी। इससे धान की फसल डूब गई है। पिपराइच, धनौती, लक्ष्मीपुर आदि गांव के लोगों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।