सलेमपुर। भटनी-वाराणसी रेल खंड पर मजदूरी करने आईं युवतियों के साथ अज्ञात युवकों ने चाकू के बल पर अश्लील हरकत की। शोर मचाने पर अन्य मजदूरों को आते देख आरोपी फरार हो गए। शिकायत पर बुधवार को पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के विरुद्ध छेड़छाड़, मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया।
भटनी-वाराणसी रेल खंड पर दोहरीकरण व भटनी बाईपास रेल लाइन का काम चल रहा है, जहां सोनभद्र जिले से महिला व पुरुष मजदूरी करने आए हैं। वह भटनी-पिवकोल रोड पर सड़क के किनारे ठहरे हुए हैं। मंगलवार की रात तीन महिला मजदूर किसी काम से भटनी बाजार आई थीं। खरीदारी करने में विलंब हो गया और तीनों अपने ठिकाने पर लौट रहीं थी। तभी अज्ञात युवकों ने अकेले देख युवतियों को घेर लिया। आरोपी चाकू दिखाकर युवतियों के हाथ पकड़ अश्लील हरकत करने लगे। विरोध पर आरोपी और पीड़ित पक्ष में मारपीट होने लगी। इसी दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग और अन्य मजदूर मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। ठेकेदार की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के विरुद्ध छेड़छाड़, मारपीट व अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। आरोप है कि पुलिस ने तीन युवकों को रात में हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया। एसओ डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।