सभी का होम आइसोलेशन में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना संक्रमण फैलने लगा है। जनपद में आए दिन मरीज मिल रहे हैं। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में तीन महिला सहित पांच लोग पॉजिटिव मिले। इसमें शहर और देसही देवरिया ब्लाक क्षेत्र के दो-दो लोग हैं। सभी का होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। जबकि होम आइसोलेशन में रहने वाले पीएचसी महेन के प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित चार लोग ठीक हो गए हैं। इस समय एक्टिव केस आठ हैं।
जनपद में कोरोना फैलने लगा है। संक्रमितों के मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। लोगों को कोविड प्रोटोकाल का पालन करने को कहा जा रहा है। जबकि लोग लापरवाह बने हुए हैं। बिना मास्क के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंच रहे हैं। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं दिख रहा है। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में शहर के एक मोहल्ले की महिला को वैक्सीन की दो डोज लगी है। वह नोएडा में रहती हैं, जहां सांस लेने में दिक्कत और बुखार होने पर परिजन लेकर उसे अस्पताल पहुंचे, जहां जांच में पॉजिटिव मिलीं। शहर के अन्य एक मोहल्ले की महिला को लंग्स में इंफेक्शन हो गया था। पीजीआई में जांच में संक्रमित मिलीं। वह घर आकर होम आइसोलेशन में हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्यों की जांच के लिए सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। भागलपुर ब्लाक क्षेत्र की भी एक महिला पॉजिटिव मिली हैं। देसही देवरिया ब्लाक क्षेत्र का एक व्यक्ति चार दिन से सर्दी, खांसी से पीड़ित था। जांच कराने पर संक्रमित मिला। इसी क्षेत्र के एक गांव का सर्दी, जुकाम से पीड़ित युवक भी जांच में पॉजिटिव मिला। परिवार के अन्य सदस्यों का सैंपल लिया गया है। सभी को वैक्सीन की डोज लगी है।
कोविड की रोकथाम के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच बढ़ा दी गई हैं। लोगों को जागरूक करने के साथ ही कोविड प्रोटोकाल का पालन करने को कहा जा रहा है। जिले में पांच पॉजिटिव केस मिले हैं। इन्हें लेकर एक्टिव केस आठ हो गए हैं। सभी होम आइसोलेशन में हैं। उन पर रखी जा रही है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद, एसीएमओ व जिला सर्विलांस अधिकारी