संवाद न्यूज एजेंसी
कंचनपुर। तरकुलवा थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव के बाहर गेहूं की फसल में बुधवार दोपहर में अचानक आग लग गई। इससे गांव के आधा दर्जन से अधिक किसानों की खेत में खड़ी लगभग पांच एकड़ फसल जलकर राख हो गई। आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत करके पंपिंग सेट के सहारे आग को बुझाया।
आग लगने से महेंद्र सिंह का बीस कट्ठा, सुरेश सिंह का बीस कट्ठा, रमाशंकर व रामकेवल (दोनों भाई ) का एक एकड़, मोहन शर्मा व शंभू सिंह का आठ-आठ कट्ठा, हारिकेवल का 15 कट्ठा, भोला सिंह का दस कट्ठा और सुरेश सिंह जो बाबूपट्टी के एक किसान का खेत रेहन लिए थे, उनका बीस कट्ठा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
भूसा बनाने वाली मशीन की चिंगारी से लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
कंचनपुर। तरकुलवा थानाक्षेत्र के महुअवा बजराटार गांव में बुधवार दोपहर में भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी से आग लग गई। इससे तीन किसानों की 40 कट्ठा गेहूं की फसल जल गई। आसपास के लोगों के सहयोग से दमकल गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। राजस्व विभाग की टीम ने नुकसान का जायजा लिया और रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी।
आसपास के लोगों ने बताया कि गांव के बाहर जिन किसानों ने कंबाइन मशीन से अपनी गेहूं की फसल कटवा ली थी, उनके खेत में पराली से भूसा बनाने वाली मशीन चल रही थी।
इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी से आग लग गई। तेज पछुआ हवा के झोंकों के साथ आग की लपट बगल में स्थित किसान वृद्धिचंद यादव के गेहूं की खड़ी फसल में पकड़ ली और पल भर में उनकी 20 कट्ठा गेहूं की फसल राख हो गई। आग की लपट बगल के रमाशंकर प्रजापति और शंकर विंद के खेत में लग गई, जिससे उन दोनों किसानों की 10-10 कट्ठा गेहूं की खड़ी फसल जल गई।