जिम के बाहर युवक को गोली मार कर हत्या का प्रयास, गंभीर
दहशत फैलाने के लिए की हवाई फायरिंग कर हुए फरार
एक अन्य युवक के सिर पर कड़े से वार किया घायल
आईटीआई चौराहे के पास हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। केंद्रीय विद्यालय के गेट के सामने आईटीआई चौराहे पर शुक्रवार की शाम को बाइक सवार मनबढ़ों ने जिम से घर लौट रहे एक युवक को गोली मार दी। जबकि अन्य एक युवक पर हमलावरों ने सिर पर कड़े से वार कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गोली लगने से घायल युवक ने तीन लोगों का नाम पुलिस को बताया है। उनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
शहर के भटवलिया मोहल्ला निवासी रवि प्रताप सिंह (22) पुत्र हलचल सिंह शाम को देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर सोंदा गांव के पास स्थित जिम करने के लिए गया था। जिम से निकलकर वह घर आने के लिए बाहर निकल कर कुछ दूर पैदल जा रहा था। इसी दौरान केंद्रीय विद्यालय के पास दो बाइक पर सवार तीन-चार युवक दो असलहों से लैस होकर आए और रवि प्रताप सिंह पर फायरिंग कर दी। गोली बाएं पर हाथ पर लगी और रवि प्रताप चिल्लाते हुए भागने लगा। इसी दौरान आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो असलहाधारी युवक तीन राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए फरार हो गए।
इसके बाद घायल रवि प्रताप को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। जबकि आईटीआई चौराहे पर इस घटना के चंद मिनट पहले हमलावरों ने सदर कोतवाली के कठिनइया गांव निवासी जुगुन सिंह (23) को कड़े से सिर वार कर घायल कर दिया। उसे परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मौके पर पहुंची पुलिस को रवि प्रताप ने रामनाथ देवरिया निवासी तीन युवकों के बारे में बताया है, जो गोली मारने की घटना में शामिल हैं। सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि घायल का बयान दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे लेनदेन की बात सामने आ रही है।