संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के कवलाचक गांव में बृहस्पतिवार की रात में धुंअरहे से निकली चिंगारी से एक झोपड़ी में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से उसमें बंधी एक भैंस झुलस गई। जबकि उसमें रखा अनाज, चारपाई, बिस्तर सहित करीब पचास हजार रुपये का सामान जल गया। काफी मशक्कत कर गांव के लोगों ने आग बुझाई।
थाना क्षेत्र के कवलाचक गांव के रहने वाले रहीम पुत्र रऊफ की झोपड़ी घर से कुछ दूरी पर स्थित है। झोपड़ी में एक भैंस बंधी थी। उसे मच्छर से बचाव के लिए परिजनों ने धुंअरहा किया था। रोज की भांति परिजन भोजन करने के बाद घर में सोने चले गए। रात्रि 10:30 बजे के करीब झोपड़ी में आग लग गई। आसपास के लोग अभी कुछ समझ पाते कि झोपड़ी जलने लगी।
लोगों ने किसी तरह उसमें बंधी भैंस को बाहर निकाला, लेकिन वह आग की लपट से झुलस गई थी। इस दौरान झोपड़ी में रखा दो क्विंटल गेहूं, तीन क्विंटल धान, पशुओं के लिए रखा गया भूसा, चौकी, चारपाई, ओढ़ना और बिछौना जल कर नष्ट हो गया। आग से करीब 50 हजार रुपये के सामान की क्षति का अनुमान है।
प्रधान प्रतिनिधि अबरार अहमद की सूचना पर हलका लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजने की बात कही।