रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ छेड़खानी और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर की गई है। पीड़िता की मां ने एसपी अभिजीत आर शंकर को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी बेटी चौराहे पर स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने जाती है। रास्ते में एक युवक उसे परेशान करता था और फोटो भेजकर दबाव बनाता था। आरोप है कि युवती के दूसरी जगह रहने के बाद भी आरोपी उसका पीछा करता रहा और मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो व संदेश भेजकर उसे बदनाम करने का प्रयास करता है। एसओ अश्विनी प्रधान ने बताया कि तहरीर के आधार पर हिमांशु विश्वकर्मा समेत तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।