संवाद न्यूज एजेंसी
कंचनपुर। शादी के बाद दहेज के लिए ससुरालियों ने विवाहिता को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। दो लाख रुपये और चारपहिया वाहन की मांग की । दहेज की रकम नही मिलने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामले में विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। तरकुलवा थानाक्षेत्र के मठिया रत्ती गांव के रहने वाले रमेश गुप्ता ने अपनी बेटी गुंजन की शादी 28 मई 2019 को थाना क्षेत्र के भैंसाड़ाबर गांव निवासी विनोद गुप्ता के बेटे नीरज गुप्ता से धूमधाम से की थी। शादी के समय दहेज में पांच लाख रुपए, बुलेट मोटरसाइकिल, सोने का चेन और अन्य जेवरात दिए। आरोप है कि शादी के बाद नीरज और उनके घर वाले दहेज में दो लाख रुपए और एक चार पहिया वाहन की मांग को लेकर गुंजन को प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों ने 23 अप्रैल को उसे मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उक्त लोग गोलबंद होकर जान मारने की नियत से पकड़ कर उसके सिर को ईंट की दीवार में लड़ाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उन लोगों ने उसे जबरदस्ती घर से निकाल दिया। पीड़िता गुंजन की तहरीर पर तरकुलवा पुलिस ने पति नीरज, सास संगीता देवी, ससुर विनोद गुप्ता और देवर राजू के खिलाफ मारपीट और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।