भटनी (देवरिया)। देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस ने बुधवार को आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। यह कार्रवाई लार नगर पंचायत निवासी कमलेश कुमार धनगर की तहरीर पर की गई है। आरोपी भटनी के सिंगहीडीह गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक ओवरब्रिज के बगल में कुर्ना नाला के किनारे स्थित हजरत शहीद अब्दुल गनी शाह मजार के अवैध हिस्से को तोड़ने से नाराज एक युवक ने सोमवार को देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया को खूब वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान भटनी के सिंगहीडीह गांव निवासी राजू उर्फ अफरोज के रूप में हुई। इस मामले में लार मठ वार्ड निवासी कमलेश कुमार धनगर ने भटनी थाने में तहरीर देकर बताया कि सोशल मीडिया पर विधायक को जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे जनप्रतिनिधि की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। इस पर पुलिस ने आरोपी राजू उर्फ अफरोज के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद